ऋषभ हत्याकांड: पुलिस ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के दर्ज किए बयान, मृतक के काॅल डिटेल में मिले संदिग्ध नंबरों की जांच
गोरखपुर। गगहा थानाक्षेत्र के रावतपार गांव निवासी 25 वर्षीय ऋषभ यादव उर्फ बब्बी के हत्याकांड की जांच में पुलिस जुटी है। जांच में विशेष रूप से मृतक की प्रेमिका और उसके परिवार की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। छह संदिग्ध महिलाओं से पुलिस ने पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, मृतक के कॉल डिटेल्स में कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं। इन नंबरों के आधार पर छह अन्य संदिग्ध महिलाओं से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल कॉल्स की विस्तृत पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक नशे का आदि था और उसकी आमसोहबत अच्छी नहीं थी। इसी बीच पुलिस ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर का बयान भी दर्ज कर लिया है।
बीते बृहस्पतिवार को आटा चक्की के पीछे बने शौचालय की टिनशेड पर ऋषभ यादव का निर्वस्त्र शव मिला। शव के हाथ में कंडोम का पैकेट था और कपड़े पास के पेड़ पर लटके हुए मिले, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। शुरुआत से ही परिजन इसे हत्या मान रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर गांव की रहने वाली युवती और उसके परिवार के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मृतक के कॉल डिटेल्स में संदिग्ध नंबर मिले हैं। इन नंबरों के आधार पर गांव की युवती और उसके परिजनों के अलावा छह अन्य महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, विशेषकर आशनाई संबंधी एंगल की पड़ताल। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।