रजिस्ट्री कार्यालय : सुविधा शुल्क मांगे तो घुमाएं अफसरों के नंबर
गोरखपुर में भ्रष्टाचार मामले में सख्ती के बाद रजिस्ट्री दफ्तर में अधिकारियों के नंबर चस्पा कर अपील की गई है कि यदि विभाग में कोई भी व्यक्ति किसी भी कार्य के लिए सुविधा शुल्क की मांग करता है तो तत्काल उसकी सूचना संबंधित अधिकारियों के फोन पर दें, कार्रवाई की जाएगी। एडीएम फाइनेंस समेत पांच अधिकारियों के नंबर जारी किए गए हैं। इनमें डीआईजी स्टांप, एआईजी स्टांप के अलावा उप निबंधक प्रथम और उप निबंधक द्वितीय के भी मोबाइल फोन नंबर शामिल हैं।
उधर, डीएम की सख्ती के बाद जिले के सभी रजिस्ट्री दफ्तरों से प्राइवेट कर्मचारी (बिचौलिए) भागे-भागे फिर रहे हैं। जांच-पड़ताल के लिए बुधवार को सीओ कैंट के नेतृत्व में पहुंची पुलिस को देख एक बार फिर विभाग में हड़कंप मच गया। कलेक्ट्रेट परिसर में घूमने वाले रजिस्ट्री, तहसील आदि विभागों में काम करने वाले प्राइवेट (निजी) कर्मचारी भी गायब हो गए हैं। विभाग के सब रजिस्ट्रार और बिचौलिए समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद सोमवार से ही वहां के सभी काम स्थायी कर्मचारी ही निपटा रहे हैं।
यही नहीं सदर तहसील समेत जिले के सभी तहसील कार्यालयों में भी लेखपाल-कानूनगो के प्राइवेट मुंशी समेत वहां काम करने वाले सभी निजी कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। सभी छुट्टी पर चले गए हैं।
इन नंबरों पर करें शिकायत
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) 9454417615
उप महानिरीक्षक निबंधन 9412529709
सहायक महानिरीक्षक निबंधन 9450919121
उप निबंधक प्रथम 9450678989
उप निबंधक द्वितीय 9450555587