उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां स्थानीय थाने की पुलिस ने शुक्रवार भोर में एक सरकारी देशी शराब के गोदाम में अवैध शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 50 शीशी देशी शराब और भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पकड़े गए तीन लोगों में दो सरकारी दुकान के मुनीम है। पूछताछ में उन्होंने इस शराब का उपयोग सरकारी देशी दुकान में करने की बात स्वीकारी है। पुलिस मामले में दुकान मालिक और मकान मालिक को भी संदिग्ध मान रही है।
भटनी पुलिस को शुक्रवार भोर में मुखबिर से सूचना मिली कि भटनी बाईपास के 115 नम्बर रेलवे क्रासिंग के पास अवैध शराब बनाने व बेचने का कारोबार चल रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष भीष्मपाल सिंह यादव हमराहियों के साथ नगर के 115 नम्बर रेलवे क्रासिंग के पास स्थित देशी शराब की दुकान के पास उसके गोदाम में छापेमारी किया। गोदाम की घेराबंदी कर अंदर पुलिस दाखिल हुई तो कमरे में तीन युवक शीशियों में शराब भरकर पैकिंग कर रहे थे। अचानक सामने पुलिस को देखकर वे सकपका गए। भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से 50 शीशी अपमिश्रित देशी शराब तीन पैकिंग, सीलिंग मशीन, भारी मात्रा में खाली बोतले ढक्कन,विंडीज मार्का मसालेदार लिखा रैपर,केमिकल, ड्रम, आरओ वाटर की बोतलें, यूरिया,आक्सीटोसिन इंजेक्शन आदि सामान बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमरेश यादव निवासी वृंदावन सराय,रसड़ा जिला बलिया,आनंद यादव निवासी मलफ हरसेनपुर मंगवा थाना-नगरा जिला बलिया व जयप्रकाश यादव निवासी बरवा मानसिंह थाना रामपुर कारखाना, देवरिया बताया।
पकड़े गए लोगों ने अवैध रूप से शराब बनाकर बगल के देशी शराब की दुकान में बेचने की बात स्वीकार किया है। पुलिस पड़री बाजार निवासी दुकान मालिक युवराज तिवारी व मकान मालिक को भी संदिग्ध मान जांच कर रही है। इस बाबत एसओ भीष्मपाल सिंह यादव ने बताया कि अवैध रूप से देशी शराब बनाने वाले एक गैंग को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ अन्य जगहों पर शराब बनाने की बात सामने आई है। जल्द ही उनपर भी कार्रवाई की जाएगी।