उत्तर प्रदेश के महराजगंज क्षेत्र के फुलमनहा में ग्रामीणों के साथ नववर्ष का जश्न मना रहे पूर्व ग्राम प्रधान के भाई को पुलिस की ओर से पीट देने का आरोप लगाकर नाराज लोगों ने बृजमनगंज थाने का घेराव किया। इसकी सूचना पाकर सीओ मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के फुलमनहां में बृहस्पतिवार की रात में डीजे बजाकर लोग नववर्ष का जश्न मना रहे थे। उसी दौरान एसओ संजय दुबे अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि बिना कुछ कहे पुलिस ने लोगों पर बल प्रयोग कर दिया।
इससे पूर्व ग्राम प्रधान अमित पासवान के भाई अभय पासवान को चोटें आईं। पुलिस डीजे व मोबाइल फोन लेकर थाने आ गई। घटना की जानकारी गांव के लोगों को हुई तो भारी संख्या में लोग थाने पर पहुंच गए। इसकी सूचना पर भाजपा नेता चंदू सिंह, योगेंद्र यादव, अमित पासवान, बबलू चौरसिया, जियाउलहक, सतीश गौड़ आदि लोग भी पहुंचे।