एटीएम से रुपये निकालने गए लोगों की मदद के बहाने कार्ड बदलकर जालसाजी करने वाले गिरोह के चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बेलीपार इलाके में एटीएम कार्ड बदलने के चक्कर में थे कि इसी दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में बताया कि घूमने फिरने के में रुपयों को खर्च करते थे। आरोपितों के पास से तमंचा, कारतूस और कई बैंक का अलग-अलग नाम से एटीएम कार्ड, बाइक और नकदी बरामद हुई।
आरोपितों की पहचान प्रयागराज के हंडिया, बिगहियां निवासी विनय शुक्ला उर्फ डब्लू, अंशुमान सिंह उर्फ सौरभ सिंह, बेलीपार के भसमा निवासी हरिकेश निषाद और वीरू कुमार के रूप में हुई। पुलिस लाइंस में एसपी दक्षिणी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि बेलीपार पुलिस को सूचना मिली कि एटीएम कार्ड बदलकर रुपये उड़ाने वाले गैंग के सदस्य शहर से लौटे है। इस सूचना पुलिस ने छानबीन की तो मलाव के पास एटीएम में मौजूद लोगों को मदद का झांसा देते हुए रुपये निकालने की कोशिश में जुटे हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान उनको पकड़ लिया। उनके पास से अलग-अलग बैंक के एटीएम कार्ड बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो जुल्म कबूल कर लिया है।