नकल विहीन बोर्ड परीक्षा कराने के उद्देश्य से 196 परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए ऑनलाइन कैमरों के मॉनिटर के लिए जुबली स्कूल में बनाए गए सेंटर की जांच करते डीएम व अन्य अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में एमजी इंटर कॉलेज में बैठक हुई। बैठक में डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि शुचितापूर्ण परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सभी केंद्राध्यक्षों के ऊपर ही निर्भर करती है। प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक संगठन के पदाधिकारी को पर्यवेक्षक, सचल दस्ता समेत अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की सेवा लेने पर पाबंदी लगाई गई है। अक्सर ये शिकायत मिलती है कि वो चहेते लोगों को लाभान्वित कराने की कोशिशों में लगे रहते हैं। इसी वजह से ये फैसला लिया गया है। वहीं सभी केंद्राध्यक्षों को नो रिलेशन सर्टिफिकेट विभाग के पास जमा कराना होगा।
अगर किसी केंद्राध्यक्ष को कोई रिश्तेदार उसी केंद्र पर परीक्षा दे रहा हैं तो केंद्राध्यक्ष इसकी सूचना विभाग को तत्काल मुहैया कराए। बाद में अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो केंद्राध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. सुनील गुप्त ने कहा कि कड़ाई की वजह से ही पिछले वर्ष की अपेक्षा 4100 विद्यार्थियों की संख्या बोर्ड परीक्षा में घटी है। सभी केंद्रों के पास पर्याप्त मात्रा में निगरानी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने डीएम और एसएसपी का स्वागत किया। आभार ज्ञापन एमजी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी सिंह ने किया।