उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को शनिवार की सुबह संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हाथ लगी। दोनों टीमों ने जोगिया गांव में छापेमारी कर 60 हजार रुपये कीमत की शराब बरामद की। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर नकली शराब बनाने के उपकरण और अन्य सामान बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक, आबकारी निरीक्षक कुलदीप सिंह को सूचना मिली कि जोगिया गांव में कुछ लोग सरकारी दुकानों पर बेची जाने वाली बंटी बबली शराब का निर्माण करा रहे हैं। सूचना मिलते ही आबकारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, जीतेंद्र जायसवाल, रवि जायसवाल, अमरेंद्र सिंह, वकील सिंह अन्य कर्मचारियों के साथ जोगिया गांव के लिए निकले।
वहीं आबकारी निरीक्षक की सूचना पर थाना प्रभारी अश्वनी राय, एसआई श्यामलाल, राजकुमार सिंह, हेड कांस्टेबल जयराम के साथ संयुक्त रूप से जोगिया गांव में छापेमारी करने पहुंच गए। टीम ने गांव निवासी भोरिक यादव और घनश्याम यादव के घर से लगभग 60 हजार रुपये कीमत की 20 पेटी शराब बरामद किया। मौके से कुल 908 बोतल, 200 मिली नकली बंटी बबली, शराब की 13 खाली बोतल, जरकैन में रखी 25 लीटर स्प्रिट, दो किलोग्राम यूरिया, दो खाली जरकैन, 244 बोतल का ढक्कन और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद भोरिक यादव और घनश्याम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य कारोबारी, छापेमारी की खबर मिलते ही फरार हो गया। थाना प्रभारी अश्वनी राय ने बताया कि संयुक्त रूप से की गई छापेमारी में लगभग 60 हजार रुपये कीमत की अवैध शराब पकड़ी गई है। दो लोगों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया गया है। उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच कर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।