कच्ची शराब के धंधे पर प्रशासन एक्शन में
एसपी, एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में पांच घंटे चली कार्रवाई
11 गिरफ्तार, 290 लीटर कच्ची शराब बरामद, 500 क्विंटल लहन नष्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। हेतिमपुर में कच्ची शराब के विरोध में महिलाओं द्वारा शुक्रवार को किए गए प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन रविवार को एक्शन में आ गया। कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में धंधेबाज नदी में तैरकर भाग निकले। पांच घंटे चली कार्रवाई में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भी कार्रवाई स्थल पर पहुंचे। वहीं एक प्लाटून पीएसी जवान और तरकुलवा पुलिस भी बुला ली गई थी।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के हेतिमपुर गांव में छोटी गंडक नदी के किनारे कच्ची शराब का धंधा वर्षों से चल रहा है। लॉकडाउन में शराब बंदी से धंधेबाजों की बांछें खिल गई। 16 अप्रैल को बड़ी संख्या में लोगों ने हेतिमपुर चौकी जाकर सामूहिक तहरीर दी तो इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह के निर्देश पर कई भट्ठियां तोड़ी गई। धंधा नहीं रुका तो महिलाओं ने शुक्रवार को हेतिमपुर चौकी प्रदर्शन किया। अमर उजाला द्वारा खबर को प्रमुखता से छापने पर प्रशासन हरकत में आया। रविवार की सुबह पौने नौ बजे के करीब एसडीएम सदर डॉ. दिनेश मिश्र और सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय फोर्स के साथ हेतिमपुर गांव पहुंचे और कार्रवाई शुरू हुई। करीब 50 भट्ठियों को जेसीबी से तोड़ा गया। शराब बनाने की सामग्री नष्ट की गई। कुंवर टोला में एक-एक घर की तलाशी ली गई। सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि हेतिमपुर में चल रहे कच्ची के धंधे को धावा बोलकर नष्ट किया गया है। इसके बाद भी यदि कोई इस धंधे को शुरू करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि कार्रवाई में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 290 लीटर कच्ची शराब बरामद कर 500 क्विंटल लहन नष्ट की गई। कार्रवाई में रामपुर कारखाना इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह, हेतिमपुर चौकी इंचार्ज संजय सिंह आदि मौजूद रहे।
चर्चित कार्यकर्ता फरार
हेतिमपुर गांव के लोगों की तरफ से पुलिस को शिकायत की गई थी कि गांव में एक राजनीतिक पार्टी का कार्यकर्ता इस धंधे के पीछे है। लॉकडाउन के बाद वह ठेका लेकर कच्ची शराब बनवाकर बाहर भेजवा रहा है। पांच घंटे तक चले इस व्यापक अभियान में पुलिस उसे ढूंढती रही, लेकिन वह नहीं मिला।
नाव से बिक रही शराब
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। कटइलवा गांव में सरयू नदी केे तट पर लॉकडाउन में धंधेबाज नाव से पोखरा चौराहा, नौका टोला, कपरवार, बिनवापुरी, करायल शुक्ल आदि जगहों पर कच्ची शराब बेच रहे हैं। जहां शौकीनों की भीड़ जुट रही है। सरकारी दुकानों के बंद होने से धंधेबाजों की चांदी हो गई है। कटइलवा गांव के लोगों का कहना है कि पुलिस के आने की भनक उन्हें पहले ही लग जाती है। जिससे वे नाव लेकर नदी के बीच में चले जाते हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।