घायल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते हुए
- फोटो : amar ujala
धनघटा क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव में स्थित भाजपा नेता के मुर्गी फार्म पर दवा का छिड़काव करते दौरान मशीन फट गई। जिसमें भाजपा नेता के भाई समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताकर सीएचसी मलौली के डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
रविवार को बैजनाथपुर निवासी भाजपा नेता रणविजय सिंह के मुर्गी फार्म पर कीट नाशक दवा का छिड़काव करने के लिए मशीन में दवा भरी जा रही थी। रणविजय सिंह ने बताया कि दवा भरने के बाद जैसे ही मशीन का ढक्कन बंद किया गया वैसे ही मशीन फट गई और उसमें आग लग गई।
आग की चपेट में आने से बैजनाथपुर गांव निवासी 40 वर्षीय गंगेश, 22 वर्षीय सोनू, 30 वर्षीय रोहित और भाजपा नेता के 37 वर्षीय भाई राघवेंद्र सिंह झुलस कर गंभीर रुप से घायल हो गए। मुर्गी फार्म पर रखा गया सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
घायलों को सीएचसी मलौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जख्मी रोहित और गंगेश को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। रणविजय सिंह ने बताया कि इस समय फार्म पर मुर्गी नहीं थी। मशीन फटने के बाद धमाके की आवाज पर तमाम लोग वहां पहुंच गए थे। घटना से लोग सहम गए हैं।