- हर घर तिरंगा अभियान के तहत बीआरडी में काव्य प्रतियोगिता, कविताओं में दिखा राष्ट्रप्रेम
गोरखपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सभागार में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नर्सिंग छात्रा अभिलाषा ने प्रथम और फार्मेसी छात्रा शिवांगी यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से तिरंगे की आन, बान और शान, देश की एकता, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रीता सिंह और डॉ. राजकुमार ने किया। इस दौरान डॉ. रोमा सरकार, डॉ. राजेश राय और डॉ. पीएन सिंह की उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कविता केवल भावनाओं की अभिव्यक्ति नहीं बल्कि समाज में जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने का सशक्त माध्यम है। प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल छात्रों के लिए पढ़ाई और प्रशिक्षण के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। कविता, संगीत, खेल जैसी गतिविधियां तनाव कम करने और व्यक्तित्व के समग्र विकास में सहायक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ स्वयं के लिए समय निकालने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।