फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में बोले CM Yogi: पीएम मोदी 75 हजार करोड़ की निवेश परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

Mon, 16 May 2022 10:47 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

सीएम ने किया गीडा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण, उद्यमियों को भूमि आवंटन का पत्र भी दिया गया। मुख्यमंत्री बोले- उत्तर प्रदेश में निवेश की गारंटी है सुरक्षा। तीन जून को लखनऊ में आयोजित होगी तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी।
विज्ञापन
गोरखपुर में सीएम योगी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगामी तीन जून को लखनऊ में तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री 75 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। बड़े-बड़े निवेशक भी आएंगे। इसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे।  सीएम ने कहा कि बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं के साथ ही राज्य सरकार परंपरागत उद्यम को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत बढ़ावा दे रही है। परंपरागत शिल्पकारों के लिए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना चलाकर लाखों लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का काम किया जा रहा है।  

मुख्यमंत्री ने गीडा भवन के सामने पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव देने वाले उद्यमियों को भूमि आवंटन का पत्र भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 तक भारत की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर का लक्ष्य रखा है। आबादी के लिहाज से उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। लिहाजा, उत्तर प्रदेश से अपेक्षाएं भी अधिक हैं। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप हम अपनी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में तभी सफल होंगे, जब निवेश की गति निरंतर तेज होती रहेगी।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी कानून व्यवस्था ही निवेश की अनिवार्य शर्त है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देश-दुनिया के लिए नजीर बनी है। निवेशक  और उनकी पूंजी सुरक्षित है। सुरक्षा से निवेश और निवेश से विकास की गति तेज हुई है। प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी बढ़ा है। काम मिल रहा है। सबके जीवन में खुशहाली आ रही है।

 

जल्द ही एक ट्रिलियन डॉलर की होगी अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना पूरा करेगी। जल्द ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी।  सरकार के पहले कार्यकाल में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे गए हैं। इसे दूसरे कार्यकाल में और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।  

 सड़कें चलने के लिए हैं, आस्था के लिए धर्मस्थल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें चलने के लिए होती हैं, आस्था के लिए धर्मस्थल हैं। इसी संदेश की वजह से सड़कों पर धार्मिक गतिविधियां नहीं हुईं। माइक लगाकर उपासना व्यक्तिगत आस्था का विषय हो सकता है, इसे जबरन थोपा नहीं जा सकता। बहुत शांतिपूर्ण तरीके से प्रदेश में धार्मिक स्थलों से एक लाख से अधिक माइक हटाए गए या फिर उनकी आवाज कम की गई। अब उत्तर प्रदेश अनावश्यक मुद्दों से दूर रहकर, विकास की नई आभा के साथ बुलंदियों को छूने को उतावला है। आप सबने देखा कि कैसे श्रीराम नवमी, हनुमान जयंती और ईद का पर्व यहां पूरी शांति के साथ संपन्न हुआ।

अब माफिया नहीं, विकास पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी माफिया और पिछड़ेपन के चलते बदनाम रहा गोरखपुर विकास की नई कहानी लिख रहा है। गीडा में उद्योगों के ढेर सारे प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से जुड़ा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे गीडा को जैतपुर में कनेक्ट कर रहा है। लिंक एक्सप्रेस वे के किनारे बनने वाले औद्योगिक क्लस्टर से नौजवानों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने जनपद में ही रोजगार व नौकरी मिल जाएगी।
 
विज्ञापन

भाजपा सरकार में हुआ गीडा का विकास
गीडा की स्थापना 40 साल पहले हुई थी, लेकिन विकास भाजपा सरकार ने शुरू किया। बुनियादी सुविधाओं को लेकर जो शिकायतें थीं, उसे दूर किया गया। गीडा में विकास को लेकर हुए बदलाव की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां गारमेंट क्लस्टर के साथ ही फ्लैटेड फैक्ट्री का भी अभिनव प्रयोग किया जा रहा है। फ्लैटेड फैक्ट्री में एक के स्थान पर तमाम उद्यमी अपना उद्यम स्थापित करेंगे।

इससे हजारों नौजवानों व महिलाओं को रोजगार मिलेगा। यहां की ऊर्जा और पूंजी लाभ का इस्तेमाल अब यहीं हो सकेगा। इसी तरह, गीडा में प्लास्टिक पार्क की योजना मूर्त रूप लेने जा रही है। आईटी पार्क के लिए भूमि आवंटन का कार्य आगे बढ़ चुका है। मुख्यमंत्री ने एम्स व खाद कारखाने से आए बदलाव का जिक्र भी किया।

गोरखपुर व बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास के लिए विशेष पैकेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गोरखपुर व बुंदेलखंड के औद्योगिक विकास के लिए विशेष पैकेज की व्यवस्था की है। उद्यमियों को अच्छा इंसेंटिव प्रदान किया। इसका परिणाम दोनों क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।

इनकी रही मौजूदगी
सांसद रवि किशन, कमलेश पासवान, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, महापौर सीताराम जायसवाल, बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ला, विपिन सिंह, राजेश त्रिपाठी, अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविंद कुमार, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, सीडीओ इंद्रजीत सिंह, सीईओ गीडा पवन अग्रवाल, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विष्णु अजितसरिया, पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल, विपिन सिंह विक्की।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें