पीएम मोदी गीता प्रेस में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के साथ लीला चित्र मंदिर का अवलोकन करेंगे। साथ ही उनके हाथों श्री शिव महापुराण के आर्ट पेपर पर प्रकाशित रंगीन चित्रमय विशिष्ट अंक का विमोचन भी होगा। प्रधानमंत्री उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को गीता का महत्व बताएंगे। गीता प्रेस के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। वहां वह गोरखपुर से श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या होकर लखनऊ तक पहली बार जाने वाली तीव्र गति व अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को अपराह्न 3:40 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसे भी पढ़ें: गोरक्षनगरी में ही मिला था मोदी को पहली बार CM बनने का संदेश, दिल्ली से आ गया था बुलावा
इसके बाद हाईटेक, आधुनिकता और विरासत का संगम बनने जा रहे 693 करोड़ रुपये लागत वाले रेलवे स्टेशन रिमॉडलिंग प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना से गोरखनाथ मंदिर, गीता प्रेस का अक्स लिए स्टेशन अंदर से एयरपोर्ट और शॉपिंग मॉल जैसी सुविधाओं से युक्त होगा। गोरक्षवासियों के लिए इस सौगात की शुरुआत करके प्रधानमंत्री करीब 3:55 बजे वाराणसी के लिए एयरपोर्ट निकल जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी आज आएंगे गोरखपुर, दुल्हन की तरह सजा शहर; भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ी
सीएम ने गीता प्रेस व रेलवे स्टेशन पर तैयारियां जांचीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार शाम को गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से वह सीधे गीता प्रेस फिर रेलवे स्टेशन पहुंचे। दोनों जगहों पर उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों को परखा। गीता प्रेस प्रबंधन और रेलवे व प्रशासनिक अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर गए और गुरु गोरखनाथ का पूजन-अर्चन किया। अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के सामने शीश झुकाया।