गोरखपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के तहत संचालित लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (कानूनी सहायता रक्षा वकील प्रणाली) की प्रभावी पैरवी से एक और विचाराधीन बंदी को जिला कारागार से रिहा कर दिया गया। इससे पहले और बंदियों को भी रिहा कराया जा चुका है।
थाना शाहपुर से जुड़े मामले में अभियुक्त फरहान अंसारी उर्फ छोटू उर्फ फरहाद की ओर से मुख्य विधिक सहायता प्रतिरक्षा अधिवक्ता बृजेश सिंह, उप मुख्य विधिक सहायता प्रतिरक्षा अधिवक्ता भगत गौड़ एवं हबीब जफर व सहायक प्रतिरक्षा अधिवक्ता अरविंद सिंह ने न्यायालय में पैरवी की। यह कार्रवाई जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राज कुमार सिंह के निर्देशन एवं सचिव प्रतिभा चौधरी के नेतृत्व में संचालित लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के तहत की गई। इससे पहले भखालू उर्फ कालू, मोहम्मद सैफ और शेषनाथ गुप्ता समेत कई विचाराधीन बंदियों को जेल से रिहा कराया जा चुका है।
प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी विधिक सहायता पहुंचाना है, ताकि आर्थिक या अन्य कारणों से कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
- प्रतिभा चौधरी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण