असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ अम्बरीश श्रीवास्तव।
- फोटो : GORAKHPUR CITY
गोरखपुर। विश्व प्रतिष्ठित संस्था अमेरिकन केमिकल सोसायटी (एसीएस) ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंबरीश कुमार श्रीवास्तव को अपना शोध पत्र भेजने के लिए आमंत्रित किया है। यह शोध पत्र प्रो. ऐलेक्जेंडर बोलदयरेव के सम्मान में एसीएस जर्नल ऑफ फिजिकल केमिस्ट्री के विशेष अंक में प्रकाशित होगा।
डॉ. श्रीवास्तव को यह आमंत्रण उनके सुपरऐटम पर शोध कार्य में योगदान के कारण मिला है। डॉ. श्रीवास्तव पिछले पांच साल से इस क्षेत्र में शोध कार्य करते हुए 50 से भी अधिक शोधपत्र प्रकाशित कर चुके हैं। इनके छह शोध पत्र पिछले वर्ष एल्सेविएर (यूएसए) के प्रतिष्ठित जर्नल्स ‘केमिकल फिजिक्स लेटर्स’, ‘जर्नल ऑफ मॉलिक्यूलर ग्राफिक्स एंड मॉडलिंग’ एवं रॉयल-सोसाइटी (यूके) के ‘न्यू जर्नल ऑफ केमिस्ट्री’ आदि से प्रकाशित हुए हैं।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. विजय कृष्ण सिंह, उनके पीडीएफ मेंटर रहे विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सुग्रीव नाथ तिवारी, लखनऊ विश्वविद्यालय में उनके पीएचडी गाइड रहे प्रो. नीरज मिश्र, प्रो. शांतनु रस्तोगी, प्रो. हर्ष सिन्हा, प्रो. अजय शुक्ला, डॉ. महेंद्र सिंह ने बधाई दी है।