सिद्धार्थनगर में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं बस्ती जिले के कैली अस्पताल में भर्ती जिले में तैनात एक स्वास्थ्यकर्मी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। साथ ही 39 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
मंगलवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में संक्रमित होने की पुष्टि के बाद महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। जिले में अब तक 1666 संक्रमित पाए जा चुके हैं। 1072 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 579 लोगों का इलाज चल रहा है और अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हर दिन बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर मंगलवार को जारी किए आकड़ों के मुताबिक जिले के एक न्यू पीएचसी पर तैनात एक फार्मासिस्ट की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। वह बस्ती जिले के कैली अस्पताल में भर्ती थे।
वहीं आकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक नौ संक्रमित नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र से मिले हैं। इसमें जिला अस्पताल में दो स्वास्थ्यकर्मी,डीपीआरओ ऑफिस में एक कर्मचारी, परसा महापात्र, भीमापार, जनपद न्यायालय, बस स्टैंड और शिवशक्ति हेल्थकेयर और गंगवा छपिया गांव में एक-एक संक्रमित मिले हैं।
शोहरतगढ़ के खुनुवां में छह और तेलडिहवा में एक संक्रमित पाया गया। बढऩी के स्टेशन रोड, मुझाना, बगही में एक-एक संक्रमित पाए गए। बर्डपुर के सलसलवा गांव में एक संक्रमित मिला। डुमरियागंज के भारतभारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गर्दिया और भुलाही गांव में एक-एक संक्रमित मिले।
इटवा के सगरा और महादेव घूरहू गांव में एक-एक मरीज मिले। जोगिया के खहमरिया में एक संक्रमित मिला। लोटन के जफराजोत, फुलवरिया, सोनौरा में एक-एक संक्रमित मिले। मिठवल के तुलसिया और दधवापार गांव में एक-एक संक्रमित पाए गए। उसका के मदनपुर, उसका राजा, मरवटिया, सुकरौली में एक-एक मरीज मिले। एक अन्य पाडव मार्केट में पाया गया।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि 39 संक्रमित मिले हैं। सभी को महिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। कोरोना से एक फार्मासिस्ट की बस्ती के कैली अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है।