परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थी अलग-अलग समय और साधनों से आए। लेकिन जब परीक्षा खत्म हुई तो सभी अपने गंतव्य की ओर जाने वाली ट्रेनों में सवार होने की होड़ में नजर आए।। रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-लखनऊ-गोरखपुर एक्सप्रेस, लखनऊ-छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए थे। इसके बाद भी राहत नहीं मिल पाई। देर शाम तक अभ्यर्थी ट्रेनों के इंतजार में भटकते नजर आए।
इसे भी पढ़ें: सियासी दलों की हार-जीत के नाम पर लग रहे मोटे दांव, बच्चों को फंसा रहे जालसाज
दो दिन में 57 केंद्रों पर 77 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) रविवार को जिले के 57 केंद्रों पर संपन्न हो गई। दो दिन में चार पालियों में आयोजित इस परीक्षा में 77215 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 33473 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दो दिन में परीक्षा के लिए 110688 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में पंजीकृत 27672 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 19409 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 8263 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार दूसरी पाली के लिए पंजीकृत 27672 अभ्यर्थियों में से 19464 उपस्थित हुए, जबकि 8451 परीक्षा देने नहीं पहुंचे।