गोरखपुर। पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर बृहस्पतिवार को दिनभर उहापोह का माहौल बना रहा। सुबह के समय जहां अधिकांश पेट्रोल पंपों पर तेल आसानी से मिल रहा था, वहीं दोपहर बाद अचानक कई पंप सूख गए। इससे वाहन चालकों की चिंताएं बढ़ गईं। लोग तेल की तलाश में एक से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए। शाम को फिर कई जगहों पर तेल मिलने की सूचना पर भीड़ बढ़ गई।
बृहस्पतिवार दोपहर में जैसे ही कुछ पंपों पर तेल खत्म होने की चर्चा हुई, लोग फोन, सोशल मीडिया और परिचितों के जरिये लगातार यह जानकारी जुटाने में लगे रहे कि आखिर कहां पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। इस दौरान कई पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने की भीड़ लग गई। शाम होते-होते जिन पेट्रोल पंपों पर तेल की नई खेप पहुंची, वहां अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यही कारण रहा कि सामान्य दिनों की तुलना में पेट्रोल की बिक्री में करीब 30 प्रतिशत और डीजल की बिक्री में लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बेतियाहाता पेट्रोल पंप पर दोपहर बाद से तेल नहीं मिल रहा था, जिससे लोग परेशान रहे। वहीं काली मंदिर गोलघर स्थित पेट्रोल पंप पर तेल मिलने से राहत मिली। वहीं गीता वाटिका के पास पेट्रोल पंप पर महंगा ''''स्पीड'''' दिया जा रहा था। विश्वविद्यालय स्थित पेट्रोल पंप पर तेल लेने वालों की भीड़ रही। पादरी बाजार चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप बंद रहा। पादरी बाजार चौराहे से असुरन जाने वाली रोड पर स्थित पंप पर सुबह तेल मिल रहा था, दोपहर होते-होते समाप्त हो गया। खास बात यहां यह रही कि इस पेट्रोल पंप पर दोपहिया वाहन चालकों को सुबह 300 की जगह 499 रुपये तक का पेट्रोल दिया गया।
जिले के 238 पेट्रोल पंपों पर लगभग 150 टैंकर तेल पहुंचा
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार बृहस्पतिवार को जिले के करीब 238 पेट्रोल पंपों पर लगभग 150 टैंकर तेल पहुंचाया गया। इसके बावजूद अचानक बढ़ी मांग और अफवाहों के चलते कई जगहों पर आपूर्ति और खपत के बीच संतुलन बिगड़ गया।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है बल्कि घबराहट में हुई अधिक खरीदारी के कारण यह स्थिति बनी। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीदारी करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही परेशानी
पेट्रोल-डीजल को लेकर खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा परेशानी हो रही है, जहां एक से दूसरे पेट्रोल पंप की दूरी ज्यादा है। लोग एक पेट्रोल पंप पर जाकर निराश होने के बाद दूसरे पर दूर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। बृहस्पतिवार को घघसरा में तिलौरा-पीपीगंज मार्ग पर भक्सा स्थित एकमात्र पेट्रोल पंप रहा, जहां पिछले एक सप्ताह से पेट्रोल-डीजल ने होने से लोगों को परेशानी हुई। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि एक सप्ताह से तेल की गाड़ी नही आई है। कछार के लोगों और रहगीरों के लिए तेल न मिलने से कटाई, लग्न व रोजमर्रा का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं खोराबार क्षेत्र के सूबा बाजार बाईपास पर स्थित पेट्रोल पंप और जंगल सिकरी छड़ फैक्ट्री के पास स्थित पंप पर डीजल तो था लेकिन पेट्रोल नहीं। सूबा बाजार बाईपास के तारामंडल रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल और पेट्रोल उपलब्ध था।