गीडा। थाना क्षेत्र के कुरमौल गांव में भूमि कब्जा करने का विरोध करने पर दबंगों ने एक व्यक्ति और उसके भाई की पिटाई कर सिर फोड़ दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धारा में केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, कुरमौल निवासी शैलेश यादव की जमीन की राजस्व टीम की मौजूदगी में पैमाइश कर पत्थर गाड़े गए थे। आरोप है कि 17 मई को विपक्षियों ने पत्थर उखाड़कर फेंक दिए थे। सोमवार को वे दोबारा जबरन जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। जब शैलेश और उसके भाई अखिलेश यादव ने विरोध किया तो विपक्षियों ने उन पर हमला कर दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय ने बताया कि आरोपी जयराम यादव, धर्मेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, कुसुम देवी, ऋतु यादव और राजू यादव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।