गोरखपुर। शहर में पेट्रोल की किल्लत ने आम लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। खासकर शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग जा रही हैं। बृहस्पतिवार को लोग अपने वाहनों में तेल भरवाने के लिए इंतजार करते नजर आए।
तारामंडल के रहने वाले कृष्ण कुमार मिश्र को बृहस्पतिवार की शाम को अपनी चार पहिया वाहन से मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पडरौना जाना था। वह सुबह से ही अपने कार्यस्थल से छुट्टी लेकर तेल भरवाने की व्यवस्था में लग गए। पेट्रोल पंप पर तेल की लिमिट के कारण वह मोहद्दीपुर व विश्वविद्यालय दोनों जगहों पर लाइन लगाकर तेल भरवाए। उनका कहना था कि तेल भरवाने में सारा समय ही चला गया।
वहीं जेल बाईपास के निकट मैत्रीपुरम निवासी अनिल को इंगेजमेंट में देवरिया जाना था। वह अपने दोपहिया वाहन में तेल फूल कराकर देवरिया जाना चाहते थे, जिससे दूर जाने पर रास्ते में कहीं भी पेट्रोल भरवाने की दिक्कत न होने पाए। उन्होंने बताया कि वह निकट के दो-तीन पेट्रोल पंप पर दोपहर में तेल भरवाने का प्रयास किए लेकिन तेल न मिलने पर यात्रा का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।