सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (एसएआरआई) और इंफ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) के जिन मरीजों की कोविड-19 की रिपोर्ट निगेटिव मिले हैं। ऐसे लोगों की क्षय रोग (टीबी) की जांच कराई जाएगी। इसे लेकर प्रदेश के सभी जिला क्षय रोग अधिकारियों को पत्र भेजे गए हैं।
पत्र की पुष्टि जिला क्षय रोग अधिकारी डॉक्टर रामेश्वर मिश्र ने की है। पत्र में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मेजर डॉ. डीएस नेगी ने बताया है कि कोविड-19 और क्षय रोग के कई लक्षण सामान होते हैं। प्रदेश के कोविड-19 पोर्टल के अनुसार, 31 जुलाई 2020 तक प्रदेश के सभी जिलों में चिहिंत सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (एसएआरआई) के 38,324 और इंफ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) के 65, 595 के रोगी कोविड-19 जांच में निगेटिव पाए गए हैं।
इनमें कई संभावित क्षय रोगी भी हो सकते हैं। इनकी जिले स्तर पर टीबी की जांच कराना आवश्यक है। पत्र में कहा गया है कि एसएआरआई के निगेटिव रिपोर्ट वालों की सूची प्रत्येक सप्ताह जिला सर्विलेंस अधिकारी से लेकर ऐसे रोगियों की बलगम की सीबीनेट से क्षय रोग की जांच कराए।
जरूरत पड़ने पर चेस्ट एक्स-रे व अन्य जांच भी कराई जाए। इसके अलावा आईएलआई के जिन मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। उनके घर संबंधित टीबी यूनिट के कर्मचारी पहुंचकर क्षय रोग के लक्षण (बुखार,खांसी, वजन कम होना, रात्रि में पसीना आना, कांटेक्ट हिस्ट्री आदि) की जानकारी लें।
लक्षण के आधार पर उनके बलगम की जांच सीबीनेट से कराई जाए। जांच में टीबी रोगी पुष्टि होने पर विवरण निक्षय पोर्टल पर पंजीकृत की जाएं।