गोरखपुर जिला अस्पताल में मरीजों के इलाज के दौरान होने वाली दलाली पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता तैयारियां शुरू की हैं। इस क्रम में अब पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरे की जद में लाने की तैयारी है। इसके लिए 64 कैमरे लगाए जाएंगे। इनका एक कंट्रोल रूम बनेगा, जहां शिफ्ट में बैठे कर्मचारी हर गतिविधि की मॉनीटरिंग करेंगे।
जिला अस्पताल की ओपीडी में हर दिन दो से ढाई हजार मरीज आते हैं। इस भीड़ के बीच में घुसे दलाल मरीजों को बरगलाकर बाहर निजी पैथालॉजी, दवा की दुकानों पर ले जाते हैं और अस्पताल में जो सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध है, उसके लिए 600 से लेकर 1000 रुपये तक खर्च करा देते हैं। बाद में इसमें सब अपना-अपना हिस्सा बांट लेते हैं।
अमर उजाला में इस खेल की खबर छपने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसर हरकत में आए और दलालों पर अंकुश लगाने का काम शुरू किया।