गोरखपुर। शास्त्री चौक पर मल्टी कॉम्प्लेक्स और मिनी ऑडिटोरियम के निर्माण की तैयारी अब धरातल पर उतरने लगी है। राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनने वाले भवन के लिए दुकानों को तोड़ने का काम शुरू हो गया है।
नगर निगम की ओर से सभी दुकानें पहले ही खाली करा ली गई थीं। अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है। 34 करोड़ 77 लाख 33 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के पूरा होने पर शास्त्री चौक को आधुनिक व्यावसायिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
करीब चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस भवन में बेसमेंट के अलावा भूतल, प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल होंगे। बेसमेंट में 20 चार पहिया और 25 दोपहिया वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी। भूतल पर 12 दुकानें और 300 वर्गफुट की एक बड़ी दुकान होगी। प्रथम तल पर बैंक और मल्टी शॉपिंग हॉल बनाया जाएगा।
द्वितीय तल पर 210 दर्शकों की क्षमता वाला वातानुकूलित और ध्वनिरोधी मिनी ऑडिटोरियम तैयार होगा। तृतीय तल पर भोजन कक्ष, दो सुइट और पांच कमरों का अतिथि गृह बनाया जाएगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि अब दुकानों के ध्वस्तीकरण शुरू हो गया है, इसके बाद निर्माण कार्य तेज किया जाएगा।