गोरखपुर। पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित कारोबार की जगह देने के लिए धर्मशाला और ट्रांसपोर्टनगर में वेंडिंग जोन विकसित करने का काम शुरू हो गया है। धर्मशाला में नया वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है, जबकि ट्रांसपोर्टनगर में बेकार पड़े पुराने वेंडिंग जोन का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।
इसको लेकर अमर उजाला की ओर से खबर मंशा सही, लोकेशन गलत...वेंडिंग जोन शो पीस शीर्षक से आठ जुलाई को प्रकाशित की गई थी। इसके लिए योजना बनाने के बाद अब कार्य शुरू किया गया है। ट्रांसपोर्टनगर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े वेंडिंग जोन को नया स्वरूप देने का काम शुरू हो गया है। सुंदरीकरण के बाद यहां पटरी दुकानदारों को कारोबार के लिए व्यवस्थित जगह मिल सकेगी। नगर निगम का उद्देश्य पुराने वेंडिंग जोन को उपयोगी बनाकर दुकानदारों को वहां बसाना है।
वहीं, धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे से असुरन तक विस्थापित रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को बसाने के लिए करीब 180 मीटर क्षेत्र में वेंडिंग जोन विकसित किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम और डूडा की संयुक्त टीम ने धर्मशाला पुल के नीचे से रेलवे कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग तक सर्वे कर भूमि का आकलन किया था। अब इसकी डिजाइन के आधार पर विकास कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। वेंडिंग जोन बनने से दुकानदारों को निर्धारित स्थान मिलेगा और धर्मशाला बाजार में सड़क किनारे लगने वाली दुकानों से होने वाली परेशानी कम होगी।
आंबेडकर चौराहा स्थित वेंडिंग जोन को भी नया रूप दिया जाएगा। शास्त्री चौक स्थित चकबंदी कार्यालय के बगल में वेंडिंग जोन में इंटरलॉकिंग कराई जाएगी और रात में रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। रुस्तमपुर वेंडिंग जोन में भी मूलभूत सुविधाएं विकसित होंगी। इसके साथ ही नगर निगम के सभी वेंडिंग जोन में आकर्षक सूचना पट लगाए जाएंगे। पटरी दुकानदारों के लिए नगर निगम में एक समान डिजाइन के मॉडल कार्ट भी तैयार किए जा रहे हैं।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित कुमार शर्मा ने बताया कि वेंडिंग जोन विकसित होने से पटरी दुकानदारों को सम्मानजनक स्थान मिलेगा। सड़कों से अतिक्रमण कम होगा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी।