सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बस व ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 28 स्थित प्रेमवलिया चौराहे के समीप फोरलेन के किनारे खड़े ट्रक में बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई। जबकि 15 यात्री घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यात्रियों से भरी बस बिहार के बेगूसराय जिले से दिल्ली जा रही थी। अभी बस प्रेमवलिया गांव से कुछ दूर आगे बढ़ी थी इसी बीच घने कोहरे के कारण हाइवे पर बीचोबीच खड़ी एक ट्रक में जा भिड़ी। अभी बस के यात्री संभल पाते तभी पीछे से एक दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दिया।
घने कोहरे के कारण हुई दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। पीछे से आ रही ट्रक के टक्कर मारने के बाद बस सामने खड़ी ट्रक में भिड़ गई जिससे चालक बुरी तरह से फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद चालक को निकाला। हादसे में चालक के दोनों पैर कट गए हैं।