-हरसेवकपुर, उर्वरकनगर व मोहरीपुर में बनगा पार्क
-नगर निगम ने शुरू की तैयारी
गोरखपुर। शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तीन नए पार्क (उपवन) विकसित किए जाएंगे। शासन ने इसके लिए स्वीकृत धनराशि को एकमुश्त शत-प्रतिशत जारी करने की अनुमति भी दे दी है। जल्द ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र के तीन वार्डों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त उपवन बनाए जाएंगे। वार्ड संख्या 31 हरसेवकपुर में कब्रिस्तान पार्क के पास 1.02 करोड़ रुपये, उर्वरकनगर में अक्षय पात्र के पास 3.85 करोड़ रुपये तथा वार्ड संख्या 10 माधवनगर मोहरीपुर में रंगी चौहान के घर के पास 1.58 करोड़ रुपये की लागत से पार्क का निर्माण कराया जाएगा।
इन उपवनों में हरित क्षेत्र का विकास, पैदल पथ, बैठने की व्यवस्था, पौधरोपण और नागरिकों के लिए आरामदायक वातावरण तैयार किया जाएगा ताकि लोग सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर स्थान प्राप्त कर सकें।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि पार्क और ओपन स्पेस के माध्यम से शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है। नए उपवन बनने से शहरवासियों को टहलने, व्यायाम और मनोरंजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।