पंजाबी समाज द्वारा आयोजित रौनक मेला में सम्मानित कवियों के साथ नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी की ओर से पहली बार रौनक मेला ‘एक शाम पंजाबी समाज के नाम’ का आयोजन रविवार को वैष्णवी लॉन में हुआ। इस दौरान पंजाबी भांगड़ा और गिद्दा पर समाज के लोग देर रात तक झूमते नजर आए। आकर्षण का केंद्र ‘....... मेरा नखरा ए तिक्खी तलवार वरगा’, ‘......लें बॉर्गिनी ते लांदा फिरे गेड़िया’ पर प्रस्तुत नृत्य रहा। इसके बाद ‘सेम टाइम सेम जगह’ गीत पर पेश किए गए नृत्य ने समारोह को ऊंचाइयां दीं।
इस दौरान पंजाबी गीतों के साथ ही साथ बॉलीवुड गीत ..... मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू, य़ही उमर है कर ले गलती से मिस्टेक और ......ओ मेरे दिल के चैन की प्रस्तुति दी गई। आयोजक पंजाबी अकादमी के सदस्य जगनैन सिंह नीटू ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ मनोरंजन के बहाने समाज को एक मंच पर लाकर अपनी भाषा और संस्कृति के विकास को गति प्रदान करना है।
जटाशंकर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने बताया कि शहर में पंजाबी समाज के लिए इस तरह का कोई आयोजन पहली बार हुआ है। बच्चों की ओर से भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश हुए। इस दौरान राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय व नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल आदि मौजूद रहे।