गोरखपुर जिले में पिछली बार की तुलना में इस बार की आरक्षण सूची में उत्तरांचल और दक्षिणांचल के ज्यादातर प्रमुख पदों का आरक्षण बदल गया। इससे इन सीटों पर पूरा समीकरण ही बदल गया है। कई चेहरे उतर गए तो कुछ के खिल गए हैं।
दो मार्च को जारी अनंतिम सूची में जंगल कौड़िया की सीट एसएसी महिला के लिए आरक्षित थी इस बार यह ओबीसी के लिए हो गई है। इसी तरह भरोहिया एससी से ओबोसी महिला तो कैंपियरगंज की सीट एससी से अनारक्षित हो गई। हालांकि अनारक्षित होने से वहां एससी वर्ग का दावेदार भी अपनी किस्मत आजमा सकेगा।
इसी तरह दक्षिणांचल की खजनी, बेलघाट और गगहा की सीट का आरक्षण तो नहीं बदला मगर उरुवा की सीट अनारक्षित से एससी महिला तो गोला अनारक्षित से एससी हो गई। बड़हलगंज ओबीसी से बदलकर अनारक्षित हो गई तो बांसगांव अनारक्षित से एससी महिला हो गई। जिले के पूर्वी हिस्से की बात करें तो खोराबार, सरदारनगर की सीट के आरक्षण में कोई बदलाव नहीं हुआ। ब्रम्हपुर की सीट ओबीसी महिला से ओबीसी हो गई। शहर से सटे पिपराइच और भटहट में भी कोई परिवर्तन नहीं हुआ।