गोरखपुर में परिसीमन की कार्रवाई पूरी करने की अंतिम तिथि 22 दिसंबर से बढ़ाकर 15 जनवरी कर दी गई है। ऐसा गोला नगर पंचायत के विस्तारीकरण का नोटिफिकेशन जारी होने तथा उरुवां बाजार एवं घघसरा बाजार नगर पंचायतों के गठन व बड़हलगंज के विस्तारीकरण की प्रक्रिया शुरू होने की वजह से किया गया है।
इन बदलावों की वजह से नया कैलेंडर जारी किया जा रहा है जिसके अनुसार पांच से 15 जनवरी 2021 तक परिसीमन पूरा करना होगा। परिसीमन के लिए जारी इस कैलेंडर में भी आबादी की गणना की जाएगी। इसी से यह तय हो सकेगा कि किस पंचायत के कितने वार्ड घटेंगे।
पुराने शासनादेश के अनुसार 12 से 22 दिसंबर तक परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करनी थी। परिसीमन की अब तक की प्रक्रिया में जिला पंचायत के चार वार्ड कम हो गए हैं। पहले इनकी संख्या 73 थी लेकिन परिसीमन के बाद 69 हो गई। इसी तरह क्षेत्र पंचायत के करीब 100 वार्ड समाप्त हुए हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या 1308 रह गई है। मगर अब कुछ नगर पंचायतों के विस्तारीकरण एवं नई नगर पंचायतों के वजूद में आने के कारण ग्राम पंचायतों की संख्या और घट सकती है। साथ ही जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत के कुछ वार्ड भी कम हो सकते हैं।
सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने बताया कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो गई थी लेकिन इसी बीच दो नई नगर पंचायतों के गठन और गोला नगर पंचायत के विस्तारीकरण की नोटिफिकेशन जारी हो जाने से कुछ और भी पंचायतें प्रभावित होंगी। इसे देखते हुए शासन ने गोरखपुर के लिए समय सीमा बढ़ा दी है। मगर तय समय से पहले ही परिसीमन की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।