गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियन गोरखपुर हेडक्वार्टर ब्लू बनी। रेलवे प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
महाप्रबंधक ने कहा कि इस तरह के वार्षिक कार्यक्रम से खेल की भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि रेलवे अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों ने बड़े उत्साह से भाग लेकर इस कार्यक्रम का आनंद लिया। इस तरह के कार्यक्रम से समाज में बड़ा संदेश जाता है।
वाकाथन पुरुष वर्ग (50 प्लस) में नीलमणि, राजकुमार, महिला (50 प्लस) में नंदी चौधरी, नीतू सिंह प्रथम रहीं। पुरुष (सिक्स ए साइड) फुटबाॅल मैच में मुख्यालय को विजेता और वाराणसी मंडल को उपविजेता, वाॅलीबाॅल पुरुष में मुख्यालय को विजेता एवं इज्जतनगर मंडल को उपविजेता का पुरस्कार प्रदान किया गया। क्रिकेट के पुरुष वर्ग में मुख्यालय विजेता एवं लखनऊ मंडल को उपविजेता का पुरस्कार दिया गया। महिलाओं की क्रिकेट प्रतियोगिता में मंडलों की संयुक्त टीम विजेता जबकि मुख्यालय की टीम उपविजेता बनी।
गोल्फ में नाइन होल्स में डीके खरे को बेस्ट ग्रास और आरके सिंह को बेस्ट नेट एवं लांगेस्ट ड्राइव का खिताब मिला। पुरुषों के चिपिंग फ्री इंट्री में एमके श्रीवास्तव, एमके अग्रवाल एवं रेखा यादव को क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। महिलाओं के 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुटिंग फ्री इंट्री में रेखा यादव को प्रथम एवं डाॅ. कल्पना दूबे को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। 50 वर्ष से कम आयु वर्ग में शालिनी एवं अनुकृति को प्रथम, प्रतिमा कुशवाहा, मंजू मिश्रा एवं पूजा खरे को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
म्यूजिकल चेयर में अंकिता प्रथम
फन गेम्स के अंतर्गत म्यूजिकल चेयर के महिला वर्ग में अंकिता सिंह प्रथम, थ्री लेग रेस (कपल) में संदीप कुमार पाठक एवं हर्षिता दूबे, बालक वर्ग के सेक रेस में अनन्या श्रीवास्तव को प्रथम स्थान हासिल हुआ। शतरंज महिला वर्ग (21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग) में लखनऊ की शोभा देहरिया, पुरुष वर्ग में मुख्यालय के पंकज कुमार सिंह को प्रथम पुरस्कार मिला। मेंहदी प्रतियोगिता में अनुकृति, रंगोली में अनुकृति और एकल गायन में सोनम गंगवार ने पहला स्थान प्राप्त किया। इज्जतनगर मंडल रेल प्रबंधक रेखा यादव ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन महासचिव/नरसा एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने किया।