पुलिस ने बिना पंजीकरण वाले 40 से अधिक स्पा सेंटरों को बंद कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अहम है। पुलिस ने होटल में ठहरने वालों का रिकॉर्ड, पहचान पत्र की जांच, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों का सत्यापन शुरू कर दिया है। नाबालिगों के प्रवेश से जुड़े नियमों का पालन हो रहा है या नहीं यह भी जांच में शामिल है।
अपहरण के बाद किशोरी से दुष्कर्म और फिर बड़हलगंज के स्पा सेंटर में भेजे जाने की घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने होटलों-स्पा सेंटरों पर कार्रवाई तेज कर दी है। प्रशासन की ओर से पुलिस को उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार, जिले में सराय एक्ट के तहत महज 104 होटल ही पंजीकृत हैं।
विज्ञापन
अब इन पंजीकृत होटलों को छोड़कर शेष सभी होटलों की जांच कर उन्हें बंद कराया जाएगा। वहीं 40 से अधिक स्पा सेंटर बंद करा दिए हैं। एक जनवरी को गोरखनाथ इलाके की 13 वर्षीय किशोरी घर से लापता हो गई थी। जांच में सामने आया कि किशोरी अपने इंस्टाग्राम दोस्त के साथ निकली थी।
इसके बाद उसे पहले एक होटल में रखा गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद किशोरी को बड़हलगंज के एक स्पा सेंटर से दूसरे स्पा सेंटर भेजा गया। मामले में अब तक होटल मालिक, मैनेजर और अन्य सहयोगियों समेत सात आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है।
इधर, पुलिस ने बिना पंजीकरण वाले 40 से अधिक स्पा सेंटरों को बंद कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अहम है। पुलिस ने होटल में ठहरने वालों का रिकॉर्ड, पहचान पत्र की जांच, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों का सत्यापन शुरू कर दिया है। नाबालिगों के प्रवेश से जुड़े नियमों का पालन हो रहा है या नहीं यह भी जांच में शामिल है।
एसडीएम और सीओ को सौंपा गया जांच का जिम्मा
एसडीएम और सीओ को प्रत्येक होटल की जांच का जिम्मा सौंपा है। अधिकारी कह रहे हैं कि इस कार्रवाई से न केवल अवैध संचालन पर रोक लगेगी, बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। पुलिस और प्रशासन की यह सख्ती स्पष्ट संदेश देती है कि नाबालिगों की सुरक्षा के लिए किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी।
संदिग्ध होटलों की जांच तेज, संचालकों को मिले कड़े निर्देश
उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के स्पा सेंटरों, ढाबों और आवासीय होटलों की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार पर रोक लगाने के लिए एसएसपी राजकरन नय्यर के निर्देश पर पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। आदेश मिलते ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में होटलों और संदिग्ध स्थलों की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में खजनी सर्किल के क्षेत्राधिकारी कमलेश सिंह ने खजनी पुलिस टीम के साथ बांसगांव मार्ग पर स्थित एके रेस्टोरेंट एंड होटल गौरापार सहित अन्य प्रबंधकों को निर्देश दिए कि बिना पहचान पत्र के किसी को भी कमरा न दिया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए।
क्षेत्राधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि जांच के दौरान स्थिति सामान्य रही और कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि होटल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधि की अनुमति न दी जाए।