राष्ट्रीय रेल अकादमी, बडोदरा द्वारा विभिन्न विभागों के ग्रुप-बी के 30 प्रतिशत पदों पर हुई विभागीय परीक्षा तथा कंप्यूटर आधारित प्रतियोगी परीक्षा में पूर्वोत्तर रेलवे ने सबसे पहले चयनित उम्मीदवारों का पैनल जारी कर दिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि छह विभागों के लिए लगभग 1,200 उम्मीदवार इन परीक्षाओं में शमिल हुए थे। इनकी लिखित परीक्षा 20 नवंबर 2022 को आयोजित की गई तथा सभी विभागों के चयनित उम्मीदवारों का पैनल 19 दिसंबर तक जारी कर दिया गया। चयनित अभ्यर्थियों के लिए पदस्थापना आदेश भी 20 दिसंबर तक जारी कर दिए गए।
ऐसा करने वालों में पूर्वोत्तर रेलवे, संपूर्ण भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के ग्रुप-बी के 70 प्रतिशत पदों का चयन रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित की गई समय-सीमा के अंदर कराया गया। आगामी वर्ष 2023-24 में होने वाली ग्रुप-बी के 70 प्रतिशत कोटे के अंतर्गत रिक्तियों का विभागीय मूल्यांकन करके सभी विभागों को अधिसूचना जारी कर दी गई है।
21 खिलाड़ियों की हुई नियुक्ति
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन में खेलकूद कोटा के अंतर्गत वर्ष 2021-22 में 21 खिलाड़ियों की नियुक्ति की गई। जबकि, वर्ष 2022-23 के लिए विज्ञापन के माध्यम से 21 पदों, सांस्कृतिक कोटा के अंतर्गत 02 पदों तथा स्काउट कोटा के लिए 11 पदों पर भर्ती के लिए 10 दिसंबर 2022 को अधिसूचना जारी कर दी गई है। वर्ष 2022 में अभी तक सेवा के दौरान मृत 287 कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है।