यूपी में अपराध बेकाबू होने के आरोपों का विपक्ष का स्वर अभी मंद भी नहीं पड़ा था कि रविवार रात बदमाशों ने ‘छोटी राजधानी’ में एक पान कारोबारी के 12 वर्षीय इकलौते पुत्र की अपहरण के बाद हत्या कर दी। अपहर्ताओं ने बच्चे की सकुशल वापसी के लिए एक करोड़ की फिरौती मांगी थी।
वहीं, बच्चे के पिता महाजन गुप्ता ने कहा कि बेटे की हत्या क्यों हुई, यह मुझे भी समझ में नहीं आ रहा है। मेरे पास एक करोड़ रुपये की फिरौती के लिए फोन आया था। एक करोड़ रुपये देने की मेरी हैसियत भी नहीं है। जिन लोगों के बारे में पुलिस ने मुझे जानकारी दी है उनमें से एक मेरे गांव का है, जबकि अन्य आसपास के गांव के रहने वाले हैं। मेरी उनसे किसी तरह की कोई दुश्मनी नहीं थी। मेरी मुख्यमंत्री से मांग है कि आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अपहृत किशोर का शव बरामद हुआ है। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। -
डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी
मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर से अपहृत बच्चे की हत्या का समाचार बेहद दर्दनाक व दुखद है। शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना। लगातार अपहरण और हत्याओं के बावजूद भी भाजपा सरकार का निर्लज्ज मौन और निष्क्रियता प्रश्न चिन्ह के घेरे में है। नहीं चाहिए भाजपा।