-48 दिन के प्रशिक्षण पर 14 हजार रुपये की छूट, 15 दिवसीय पाठ्यक्रम की फीस 12,500 रुपये
गोरखपुर। जिले में उर्वरक व्यवसाय से जुड़े डीलरों और भविष्य में खाद का कारोबार करने के इच्छुक लोगों के लिए प्रशिक्षण का अवसर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी ने बताया कि डिप्लोमा इन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन सर्विसेज फॉर इनपुट डीलर्स के तहत एक वर्षीय साप्ताहिक 48 दिन का प्रशिक्षण कराया जाएगा। वहीं, सीसीआईएनएम योजना के तहत 15 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित होगा। प्रशिक्षण की फीस 28 हजार रुपये है। वैध उर्वरक, बीज या कीटनाशक विक्रय प्राधिकार पत्र वाले डीलरों को 14 हजार रुपये की छूट मिलेगी। इस प्रशिक्षण के बाद खाद और कीटनाशक दोनों के लाइसेंस प्राप्त किए जा सकेंगे। वहीं, 15 दिवसीय सीसीआईएनएम प्रशिक्षण की फीस 12,500 रुपये है। इसके बाद केवल खाद का लाइसेंस प्राप्त किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान, हैदराबाद की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल और अधिकतम आयु 65 वर्ष निर्धारित है। इच्छुक व्यक्ति जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में कार्यदिवस पर संपर्क कर आवेदन पत्र और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। योजना के फेसिलिटेटर अनिल कुमार सिंह के मोबाइल नंबर 6386667911 पर भी संपर्क किया जा सकता है।