दिवाली और छठ पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और गोरखपुर के बीच आरक्षित साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 04022, 04021 नंबर की यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी।
04022 नई दिल्ली-गोरखपुर त्योहार स्पेशल छह और 13 नवंबर को प्रत्येक शुक्रवार को नई दिल्ली से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी। यह गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 4:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 04021 गोरखपुर-नई दिल्ली स्पेशल सात और 14 नवंबर को प्रत्येक शनिवार को सुबह सात बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह रात 11:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें छह शयनयान, छह वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का कोच शामिल होगा। इसके अलावा चार सामान्य द्वितीय श्रेणी और अन्य सहायक कोच लगाए जाएंगे।