- खराब होने पर तत्काल करें वापस, दुकानदारों ने भी किया ऑनलाइन खरीदारी का विरोध
- हाल ही में एक ग्राहक को ऑनलाइन स्टोर से भेज दिया गया था एक्सपायर्ड रसगुल्ला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। शहर में ऑनलाइन कारोबार बढ़ता जा रहा है। लोग बाजार जाकर वस्तुएं खरीदने के बजाय ऑनलाइन स्टोर से ही खाने-पीने की वस्तुएं मंगा रहे हैं। कई बार ऑनलाइन एक्सपायर्ड सामान भेजे जाने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। ऐसे में ऑनलाइन मंगाए गए खाने-पीने के सामान को तत्काल खोलकर देख लें अन्यथा आप भी धोखा खा सकते हैं। हाल ही में एक ग्राहक को एक ऑनलाइन स्टोर से एक्सपायर्ड रसगुल्ला डिलीवर किया गया था। इसके बाद खाद्य विभाग ने उस ऑनलाइन स्टोर के मैनेजर को नोटिस जारी किया।
गोरखपुर किराना कमेटी के महामंत्री गोपाल जायसवाल बताते हैं कि ऑनलाइन स्टोर की वजह से सही कार्य करने वाले दुकानदार भी बदनाम हो रहे हैं। हम हमेशा ऑनलाइन स्टोर का विरोध करते हैं। यहां से मंगाई गई वस्तुओं की असलियत को पकड़ना मुश्किल है। यह वस्तुएं कहां से व कैसे लाते हैं, यह जानना मुश्किल है। यही कारण है कि यह उपभोक्ताओं को बेवकूफ बनाकर खराब माल खपा देते हैं। इस पर कुछ ऐसा नियम लगाना चाहिए कि यह मनमानी न कर सकें।
कोट
ऑनलाइन स्टोर से मंगाए गए खाद्य सामान की खुद तत्काल जांच करें। वस्तुएं खराब होने पर इसको तत्काल वापस करने के बाद इसकी शिकायत भी करें। ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. सुधीर सिंह, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा