- पुलिस और मंडी समिति की पहल से व्यापारियों-खरीदारों को राहत
- पानी के टैंकर की व्यवस्था से भी मिली सहूलियत
गोरखपुर। मेहवा मंडी में बुधवार को लगे जाम के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को लागू की गई वन-वे व्यवस्था का असर दिखा। मंडी में कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी और वाहनों का आवागमन सुचारू रहा।
छठ महापर्व की खरीदारी के लिए पहुंचे उपभोक्ताओं और कारोबार करने आए व्यापारियों को राहत मिली। एक दिन पहले जाम के कारण कारोबार प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन नई व्यवस्था से स्थिति सामान्य हो गई। मंडी सचिव डॉ. दिलीप वर्मा ने बताया कि मंडी समिति की ओर से यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर वन-वे व्यवस्था का पालन कराया जा रहा है। इससे मंडी में आने-जाने वालों को परेशानी नहीं हुई। गोरखपुर फ्रूट एसोसिएशन के सचिव विजय सोनकर ने बताया कि मंडी में व्यापारियों और खरीदारों की सुविधा के लिए पानी के टैंकर की मांग की गई थी। मंडी समिति ने इस मांग को पूरा करते हुए टैंकर की व्यवस्था कराई है। इससे मंडी में आने वाले लोगों को सहूलियत मिल रही है।
उन्होंने मंडी सचिव और पुलिस प्रशासन की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि अभी दो दिन तक भीड़ रहने की संभावना है। इसके बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया ने कहा कि वन-वे व्यवस्था से कारोबार और खरीदारी दोनों को राहत मिली है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामानंद और फल मंडी चौकी पुलिस के समन्वय से व्यवस्था बेहतर हुई है।