गोरखपुर में कोरोना संक्रमण के बीच पिछले 24 घंटे में बुधवार को 232 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। तीन मरीजों की मौत भी हुई है। संक्रमितों में एक साल के दो मासूम, एम्स, जीडीए के कर्मी समेत राजकीय संप्रेक्षण गृह के कई कर्मी शामिल हैं। इसके बाद से जिले में संक्रमितों का आकड़ा 13228 पहुंच गया है। इनमें 11496 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि मौत का आकड़ा 164 पहुंच गया है। एक्टिव केस 1784 हैं।
जानकारी के मुताबिक एम्स में लगातार आठवें दिन भी दो और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा राजकीय संप्रेक्षण गृह के पांच, सिविल लाइन जीडीए कार्यालय के पांच कर्मी, फर्टिलाइजर के दो कर्मी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के दो कर्मी, सदर तहसील के दो कर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके अलावा शहर के आजाद चौक में 18 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं।
संक्रमितों में एक साल का मासूम भी है। वही, बशारतपुर में आवास विकास कॉलोनी में एक ही परिवार के चार लोग, रामूडीहा में एक ही परिवार के पांच लोग, बिंद टोला में एक ही परिवार के दो लोग, भैसाही नरेश चौरी-चौरा में एक ही परिवार के तीन लोग, पथरा में एक ही परिवार के दो लोग, तारामंडल के शिवाजीनगर में एक ही परिवार के दो लोग, बगहा बाबा में एक ही परिवार के दो लोग, झरना टोला में एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमित के परिजनों की जांच कराई जाएगी। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जाएगी।
शाहपुर थाना क्षेत्र में 60 सर्वाधिक मरीज मिले
शहर की बात करें तो 187 नए मरीज मिले हैं। इनमें सबसे अधिक मरीज शाहपुर थाना क्षेत्र के 60 शामिल हैं। इनके अलावा गोरखनाथ 16, कोतवाली 12, कैंट 59, रामगढ़ताल 20, गुलहरिया दो, राजघाट 11, चिलुआताल तीन और तिवारीपुर में चार मरीज मिले हैं।
ग्रामीण क्षेत्र की बात करें तो महज 36 नए मरीज मिले हैं। इनमें बड़हलगंज दो, चरगांवा 17, खोराबार चार, पिपराइच सात, पिपरौली एक, सरदारनगर चार और गोला में एक मरीज मिले हैं। इनके अलावा नौ ऐसे मरीज हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।
तीन संक्रमितों की मौत
संक्रमितों के मौत के आकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें एक महराजगंज जिले के कोठीभार की रहने वाली 52 वर्षीय महिला है। बीआरडी में बुधवार की सुबह इनकी मौत इलाज के दौरान हुई है।
इनके अलावा शहर के कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर के रहने वाले 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत मंगलवार की देर रात बीआरडी में हुई है। शाहपुर के अशोकनगर निवासी 66 वर्षीय बुजुर्ग की भी मौत मंगलवार की रात बीआरडी में हुई है। कॉलेज प्रशासन ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।