कोरोना से एक की मौत, 30 नए मरीज मिले
लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में हुई संक्रमण की पुष्टि
महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में कराया भर्ती
जिले में अब तक पाए जा चुके हैं 2882 संक्रमित
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में कोरोना संक्रमण से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में 30 नए मरीज पाए गए। संक्रमण की पुष्टि के बाद सभी को महिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया। जिले में अब तक 2882 संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 2382 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं और 452 लोगों का इलाज चल रहा है। अब तक जिले में 28 लोगों की संक्रमण से जान जा चुकी है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक उसका ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। इसमें सर्वाधिक सात मरीज डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र में पाए गए। इसमें भवानीगंज थाना में चार पुलिसकर्मी, बेवां हुसैन गांव में दो और सैमुआदीह में एक संक्रमित मिला। इटवा ब्लॉक के अमौना गांव में सात संक्रमित मिले। नौगढ़ के जिला जेल और जगदीशपुर खुर्द गांव में एक-एक संक्रमित मिले, जबकि एसबीआई में दो संक्रमित मिले। जोगिया कुसमी, कोरापार, खेतवल गांव में एक-एक संक्रमित मिले। शोहरतगढ़ के जमुनी गांव में दो, शोहरतगढ़ कस्बे में एक संक्रमित मिला। बढ़नी के स्थानीय कस्बे में एक, खेसरहा के बनकटा, उसका बाजार के मदनपुर में एक-एक संक्रमित मिले। मिठवल के चितौनी और प्रतापनगर में एक-एक संक्रमित मिले। इसके अलावा एक अन्य संक्रमित मिला। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 30 नए संक्रमित मिले हैं।