सिद्धार्थनगर में कोरोना संक्रमण से जिले के एक व्यक्ति की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। वहीं बुधवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में 19 नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया।
जिले में अब तक 3620 संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 3279 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 299 का इलाज चल रहा है और अब तक संक्रमण से 43 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आए दिन संक्रमित मिल रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आकड़ों में मुताबिक बांसी ब्लॉक के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था, जहां कोरोना संक्रमण से उसकी मौत हो गई। सर्वाधिक 10 संक्रमित नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र में पाए गए। इनमें लुचुईया और करौती गांव में चार-चार, मुडिला खुर्द और नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक-एक संक्रमित मिले। बांसी के बरदही नानकार और ओसनकुनिया गांव में एक-एक संक्रमित मिले।
बढ़नी के वार्ड नंबर तीन, डुमरियागंज के हल्लौर, इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मिठवल के चकवा, उसका बाजार के उटिया गांव में एक-एक संक्रमित मिले। इसके अलावा दो अन्य संक्रमित मिले। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण से एक की मौत हो गई। 19 नए संक्रमित मिले हैं, उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया।