बस्ती जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। बुधवार को महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में 19 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। अब जिले में कुल संख्या 4584 हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमण से एक और मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 90 हो गई है।
28 पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब यह संख्या 4270 पहुंच गई है। जिले में अब कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 224 है। डीएम आशुतोष निरंजन ने उक्त की पुष्टि की है। प्रशासन को अब भी 995 रिपोर्ट का इंतजार है।
डीएम के अनुसार जिले से अब तक 177420 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इसमें 176425 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। 171841 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जिले में कुल 111 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। जिसमें सदर तहसील में 67, हर्रैया में 27, भानपुर में 12 व रुधौली में पांच कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। डीएम ने अपील किया कि सभी लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ही घर से निकलें।
डीएम के अनुसान जिले में अभियान चलाकर कोरोना की जांच कराई जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर टीम जाकर ट्रू नेट से जांच कर रही है। डीएम ने कहा है कि निजी चिकित्सालयों, क्लीनिक व ओपीडी संचालन वाले अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे कोरोना लक्षण वाले मरीजों को तत्काल निकट के सीएचसी, पीएचसी पर भेजें। इसके अलावा दवा दुकानों को भी हिदायत दी गई है कि वे लक्षण वाले रोगियों को बिना चिकित्सक के पर्चे के कोई दवा न दें। अन्यथा की दवा में प्रशासन कार्रवाई करेगा।
डीएम आशुतोष निरंजन के अनुसार कोरोना संक्रमितों का इलाज जवाहर लाल नेहरु नवोदय विद्यालय रुधौली, मुंडेरवा सीएचसी, महर्षि मेडिकल कॉलेज, ओपेक चिकित्सालय कैली, जिला जेल, कृष्णा मिशन अस्पताल व होम आइसोलेशन में किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि होम आइसोलेशन में मरीजों की देखभाल के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की टीम लगाई गई जो समय-समय पर मरीजों की जांच आदि करते हैं।