गोरखपुर में कोरोना संक्रमण के बीच बुधवार को 24 घंटे के अंदर 106 नए मरीज मिले हैं। साथ ही चार मरीजों की मौत हुई है। लगातार दूसरे दिन मौतों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे पूर्व एक सप्ताह तक कोई भी मौत नहीं हुई थी। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 18337 पहुंच गया। इनमें 16740 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि मृतकों की संख्या 301 पहुंच गई है। एक्टिव केस 1296 हैं।
जानकारी के मुताबिक कोरोना की रफ्तार कम होने से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने राहत की सांस तो ली है। लेकिन मौत के आंकड़े कम नहीं हो पा रहे हैं। एक सप्ताह तक मौत एक भी नहीं हुई थी। लेकिन दो दिन के अंदर बीआरडी में नौ मौतें हुईं है।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि जब मरीज की स्थिति बिगड़ जा रही है, तब लोग बीआरडी में कोरोना मरीजों को ला रहे हैं। यही वजह है कि मौतों की संख्या बढ़ रही है। संक्रमितों की बात करें तो आवास विकास कॉलोनी में रहने वाला पांच साल का मासूम, सुमेर सागर का रहने वाला 10 साल का बालक, मोहल्ला नौतन में एक ही परिवार के तीन लोग इसमें पांच और 10 साल के दो सगे भाई संक्रमित मिले हैं।
इनके अलावा गोपी गली घंटाघर में एक ही परिवार के दो लोग, एचएन सिंह चौराहे पर रहने वाला आठ साल का मासूम, मियां बाजार में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच लगातार की जा रही है।
शहर में 54 और ग्रामीण क्षेत्र में मिले 47 नए मरीज
शहर की बात करें तो 54 नए मरीज मिले हैं। इनमें कैंट थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 14 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा शाहपुर 11, गोरखनाथ 12, कोतवाली सात, राजघाट तीन, रामगढ़ताल पांच और तिवारीपुर में एक मरीज मिला है। ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें कैंपियरगंज, गगहा, उरुवा, कैंपियरगंज में तीन-तीन, भटहट, सहजनवां, खजनी, भटहट में दो-दो, चरगांवा 15, खोराबार पांच, गोला में छह मरीज मिले हैं। इनके अलावा पांच मरीज अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।
चार बुजुर्ग संक्रमितों की बीआरडी में मौत
बीआरडी में पिछले 24 घंटे में चार मरीजों की मौत हुई है। इनमें तीन गोरखपुर और एक बिहार के रहने वाले हैं। जिले के राजघाट थाना क्षेत्र के निजामपुर के रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत बुधवार की दोपहर में हुई है। गोरखनाथ के 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत बुधवार की सुबह, बेलघाट थाना क्षेत्र के बेलवा पांडे निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत भी बुधवार की सुबह हुई है। जबकि बिहार के छपरा निवासी 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत मंगलवार की देर रात हुई है।