- ऑटो मोड़ने के दौरान ट्रक की चपेट में आ गया बाइक सवार
- एम्स इलाके में हुई घटना, सड़क पर गिरने के बाद बाइक में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स इलाके के सोनबरसा बाजार में फोरलेन क्रॉसिंग पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बाइक में आग लग गई। पूरी बाइक धू-धूकर जल गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। हादसे की वजह से करीब आधे घंटे तक फोरलेन पर जाम लगा रहा। सोनबरसा चौकी पुलिस ने फोरलेन को खाली कराया इसके बाद अवागमन बहाल हुआ।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर वार्ड नंबर 19 निवासी मोहम्मद खालिद (49) बुधवार दोपहर में बाइक से कसया की तरफ जा रहे थे। फोरलेन क्राॅसिंग पर ट्रक की टक्कर से बाइक में आग लग गई। बाइक जलने लगा और उस पर सवार युवक बाइक से दूर जा गिरा और उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन क्राॅसिंग पर ऑटो लगाकर चालक सवारी बैठा रहा था और दूसरा चालक फोरलेन पर ऑटो मोड़ रहा था। तभी बाइक सवार युवक ऑटो से बचने के लिए ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। लोगों का कहना है कि फोरलेन क्रॉसिंग पर ऑटो स्टैंड की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।