फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: विजयादशमी पर शोभायात्रा के साथ रामलीला मैदान पहुंचेंगे सीएम, करेंगे राम का राजतिलक

Fri, 09 Oct 2026 03:11 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
- आर्य नगर की 109वीं रामलीला में 10 से 23 अक्तूबर तक होगा भव्य मंचन
- 21 अक्तूबर को रावण वध और आतिशबाजी, 22 को निकलेगी भरत मिलाप शोभायात्रा




गोरखपुर। आर्यनगर की रामलीला में इस बार विजयादशमी का आयोजन खास होगा। 20 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शोभायात्रा के साथ मानसरोवर स्थित रामलीला मैदान पहुंचेंगे और भगवान राम का राजतिलक करेंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देंगे। रामलीला समिति, आर्यनगर की ओर से इस वर्ष 109वीं रामलीला का मंचन किया जा रहा है। रामलीला 10 से 23 अक्तूबर तक चलेगी।

रामलीला समिति के अध्यक्ष पुष्प दंत जैन ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 20 अक्तूबर को शाम चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम का तिलक करेंगे। इसी दिन शाम सात बजे कुंभकरण और मेघनाथ वध की लीला होगी। 21 अक्तूबर को शाम सात बजे अहिरावण वध, रावण वध और आतिशबाजी का आयोजन होगा। 22 अक्तूबर की रात 12 बजे भरत मिलाप शोभायात्रा निकलेगी। यह घासी कटरा स्थित राम जानकी ठाकुर मंदिर से शुरू होकर जाफरा बाजार, बेनीगंज और चरण लाल चौक होते हुए आर्य नगर पहुंचेगी और सुबह पांच बजे संपन्न होगी।
विज्ञापन


रामलीला का शुभारंभ 10 अक्तूबर को सुबह सुंदरकांड पाठ से होगा। शाम को गणेश पूजन, नारद मोह और पृथ्वी पुकार की लीला होगी। 11 अक्तूबर को श्रीराम जन्म, विश्वामित्र आगमन, अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका का मंचन होगा। 12 अक्तूबर को धनुष यज्ञ और परशुराम संवाद होगा। 13 अक्तूबर को राम बरात निकलेगी। यह हनुमान मंदिर, गोरखनाथ मुख्य गेट के सामने से उठकर मानसरोवर मंदिर होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां राम-विवाह का मंचन होगा।

14 अक्तूबर को मंथरा-कैकेई संवाद, दशरथ-कैकेई संवाद और श्रीराम वनवास की लीला होगी। इसी दिन राम की वनयात्रा भी निकलेगी, जो आर्य नगर से बक्शीपुर, हिंदी बाजार, लालडिग्गी, जाफरा बाजार होते हुए आर्य नगर पहुंचेगी। 15 अक्तूबर को केवट संवाद, श्रवण कुमार और दशरथ मरण, जबकि 16 अक्तूबर को राम-भरत संवाद और भरत द्वारा चरण पादुका लेकर लौटने की लीला होगी।

17 अक्तूबर को सीताहरण, जटायु मोक्ष और शबरी आश्रम, 18 अक्तूबर को हनुमान-सुग्रीव मिलन, बालि वध और लंका दहन तथा 19 अक्तूबर को विभीषण शरणागत, अंगद-रावण संवाद, रामेश्वर स्थापना और लक्ष्मण शक्ति समेत अन्य प्रसंगों का मंचन होगा।
विज्ञापन


इस बार रामलीला की प्रस्तुति वृंदावन के राधा विनोद लीला संस्थान की ओर से श्रीराम शर्मा (निमाई) करेंगे। 23 अक्तूबर को आर्य नगर स्थित भारत मिलाप मंच पर भगवान राम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन होगा। इस अवसर पर महामंत्री दीप अग्रवाल, मीडिया प्रभारी अनुराग गुप्ता, बृजेश मणि मिश्रा, विक्रम जोगी, विकास जालान और जितेंद्र अग्रवाल (जीतू) मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें