तीन दिनों में पंजीकृत 1.39 लाख अभ्यर्थियों में से 1,01,093 ने दी परीक्षा, 52 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा, डीएम और एसएसपी ने रखी निगरानी
गोरखपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को जिले के 52 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। अंतिम दिन दो पालियों में कुल 34,407 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 12,009 अनुपस्थित रहे। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे।
रविवार को पहली पाली में पंजीकृत 23,208 अभ्यर्थियों में से 17,192 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 6,016 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 17,215 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 5,993 ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 34,407 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। तीन दिनों तक चली परीक्षा में कुल 1,39,248 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इनमें से 1,01,093 ने परीक्षा दी, जबकि 38,155 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इससे पहले 25 अक्तूबर को पहले दिन 34,516 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी और 11,900 अनुपस्थित रहे थे। वहीं, 30 अक्तूबर को दूसरे दिन 32,170 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि 14,246 अनुपस्थित रहे थे।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी 52 केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी आवंटित केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। वहीं, नोडल अधिकारी एवं एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर परीक्षा संपन्न कराई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी भी लगातार सक्रिय रहे।