गोरखधाम एक्सप्रेस पर डोमिनगढ़ के पास पत्थर चलाने के आरोपी को जीआरपी ने शुक्रवार को गोरखपुर जंक्शन पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल और 22,800 रुपये नकद भी बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान कैंपियरगंज निवासी नागेंद्र चौहान के रूप में हुई है।
जीआरपी ने आरोपी पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जीआरपी प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि जीआरपी ने जब आरोपी की क्राइम हिस्ट्री खंगाली तो पता चला कि उसके खिलाफ विभिन्न जिलों के पांच थानों में 22 मामले दर्ज हैं।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह डोमिनगढ़ के पास ट्रेनों से मोबाइल छीनता था। 28 अप्रैल 2026 को उसने गोरखधाम एक्सप्रेस के गेट पर खड़े एक यात्री से मोबाइल छीनने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी से नाराज होकर पत्थर उठाकर कोच पर चला दिया।
25 अप्रैल को भी इसी आरोपी ने गोरखधाम एक्स्प्रेस पर डोमिनगढ़ पर पत्थर चलाया था जिसकी वजह से एक यात्री का सिर फट गया। बस्ती में यात्री को उतार उसका इलाज कराया और उसकी तहरीर पर केस दर्ज कर गोरखपुर जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया। केस गोरखपुर आ जाने के बाद जीआरपी के साथ-साथ आरपीएफ ने छानबीन शुरू कर दी।
छानबीन के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक संदिग्ध व्यक्ति प्लेटफार्म नंबर एक के पश्चिमी छोर पर घूम रहा है। सूचना के आधार पर जीआरपी की टीम ने शुक्रवार को दबिश दी और संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया संदिग्ध गोरखधाम पर पत्थर चलाने वाला आरोपी है।
थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ जीआरपी गोरखपुर में तीन मामले दर्ज हैं। इसके खिलाफ बीएनएस की धारा 317, 305 और रेल एक्ट 152 में मामले दर्ज किए गए हैं।