गोरखपुर जिले में गुलरिहा क्षेत्र के जंगल एकला नंबर दो टोला बुढ़ऊ निवासी रामअधारे प्रजापति (60) का प्राइवेट अंग सोमवार रात किसी ने काट दिया। गंभीर हालत में उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हालांकि परिजनों ने भाई और भतीजे पर प्राइवेट अंग काटने का आरोप लगाया है। पत्नी दुर्गावती की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, रामअधारे प्रजापति करीब 10 साल पहले अपनी जमीन जायदाद बेचकर इसी क्षेत्र के जैनपुर टोला दयानगर में रहने लगे थे। सोमवार रात करीब 11 बजे वह लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले तभी किसी ने प्राइवेट अंग काट दिया। पीड़ित की पत्नी का आरोप है कि बुढ़ऊ टोला निवासी देवर बुद्धू से जमीन का विवाद चलता है।
आरोप है कि रात बुद्धू और उनका लड़का विनोद हमारे घर पहुंचे थे और लघुशंका के दौरान धारदार हथियार से प्राइवेट अंग काटकर उठा ले गए। शोर सुनकर वह और उनकी पुत्री सुमन पहुंची तो देखा कि पिता-पुत्र हमला कर भाग रहे थे। उधर, पुलिस जब आरोपित के घर पहुंची तो पिता-पुत्र सोते मिले। प्रभारी एसएसपी कृष्ण कुमार बिश्नाेई का कहना है कि तहरीर के आधार केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
20 दिन पूर्व जमीन को लेकर हुई थी पंचायत
दोनों भाइयों के बीच 20 दिन पूर्व जैनपुर गांव में एक हिस्ट्रीशीटर के वहां पंचायत हुई थी। रामअधारे ने अपने भाई बुद्धू की सात डिसमिल जमीन को बेच दिया था। बुद्धू ने कोर्ट से रामअधारे को नोटिस भेजवाया था। जिसे लेकर पंचायत हुई थी जिसमें बुद्धू को फंसाने की धमकी भी दी गई थी।