पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने पूर्वांचल से लौटती ठंड को रोक दिया है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री कम रहा। इसकी वजह से पूरे दिन लोगों को ठंड का अहसास हुआ और जैकेट-टोपी का सहारा लेना पड़ा। हालांकि न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़त दर्ज की गई, जिससे रात के ठंड में कमी आई है। बुधवार को सुबह घना कोहरा और दोपहर बाद आकाश साफ रहने का पूर्वानुमान है।
आमतौर पर फरवरी के पहले सप्ताह में पूर्वांचल में दिन का तापमान 25 डिग्री के आसपास पहुंच जाता है। आसमान साफ रहने और धूप निकलने के चलते इन दिनों लोग हाॅफ स्वेटर या हाॅफ जैकेट में ही घूमते नजर आते हैं। इस बार भी एक फरवरी को मौसम में बदलाव दिखा और दो फरवरी को दिन में दिन में टोपी-मफलर तो क्या फुल स्वेटर व फुल जैकेट में भी गर्मी का एहसास होने लगा।
अगले ही दिन सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने परिस्थतियां बदल दीं। मंगलवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। कई बार लगा कि बरसात हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को फिर मौसम का मिजाज बदलेगा और सुबह कोहरा के बाद दोपहर में आसमान साफ रहने पर चमकीली धूप होगी। हालांकि अभी ठंड का असर बना रहेगा।