गोरखपुर जिले के जंगल चवंरी गांव में जमीन बंटवाने के विवाद में सोमवार को बुजुर्ग पेड़ पर चढ़ कर खुदकुशी करने की कोशिश करने लगे। ग्रामीणों ने समझाने पर नहीं माने तो पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने किसी तरह से उन्हें नीचे उतारा। लेखपाल और उनके दूसरे भाई को पुलिस ने थाने बुलाया है, ताकि विवाद को सुलझाया जा सके। जानकारी के मुताबिक, खोराबार क्षेत्र के जंगल चवंरी के शेख टोला निवासी झब्बू पासवान (60) का उनके भाई से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है।
इसी से नाराज होकर वह सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे बनस्पति माता मंदिर परिसर में लगे पीपल के पेड़ पर चढ़ गए और गले में रस्सी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश करने लगे। जानकारी होने पर परिजन एवं ग्रामीण पहुंचकर उन्हें नीचे आने के लिए समझाने लगे। लेकिन, वह माने नहीं तो फिर पुलिस को सूचना दी गई।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक खोराबार जयनारायण शुक्ल ने बताया कि झब्बू को थाने लाया गया था, वह कम सुनते हैं। उनके दूसरे भाई गब्बू व हल्का लेखपाल को बुलाकर दोनों भाइयों के समक्ष बातचीत की गई है। वार्ता के बाद दोनों पक्ष के लोग घर चले गए।