फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम का हाल: अक्तूबर में ही लौटी सर्दी, गोरखपुर में 57 और बस्ती में 35 साल का टूटा रिकॉर्ड

Fri, 30 Oct 2026 11:27 PM IST
अनुराग रंजन अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से बारिश का दौर कमजोर पड़ने और धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है। अगले एक सप्ताह में दिन के अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, रात के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।
विज्ञापन
चक्रवात अर्नब के अवशेष और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का बदला मिजाज - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर और बस्ती मंडल में चक्रवात अर्नब के अवशेष और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। लगातार दो दिनों तक हुई बारिश और तेज हवाओं ने अक्तूबर के आखिरी दिनों में ही सर्दी का अहसास करा दिया। शुक्रवार को गोरखपुर में अधिकतम तापमान गिरकर 22.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम के उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले 57 वर्षों में अक्तूबर महीने का यह तीसरा सबसे कम अधिकतम तापमान है। वहीं, बस्ती में वर्ष 1989 के बाद पहली बार अक्तूबर में अधिकतम तापमान इतना नीचे दर्ज किया गया।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अक्तूबर 1969 से 2026 तक के उपलब्ध रिकॉर्ड में गोरखपुर में शुक्रवार का दिन तीसरा सबसे ठंडा रहा। इससे पहले वर्ष 2005 में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री और वर्ष 2013 में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में ही पारा 22.1 डिग्री तक पहुंचने से मौसम के असामान्य बदलाव का पता चलता है।

उधर, बस्ती में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में करीब नौ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, वर्ष 1989 के बाद पहली बार अक्तूबर महीने में अधिकतम तापमान इस स्तर तक नीचे पहुंचा है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिनभर लोगों को सर्दी का एहसास होता रहा। अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है।

चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम

मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह चक्रवात अर्नब के अवशेष और पश्चिमी विक्षोभ का संयुक्त प्रभाव है। इसके चलते वातावरण में नमी बढ़ी और दो दिनों तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। बादलों की मौजूदगी, बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आई। आमतौर पर अक्तूबर में दिन के समय धूप निकलने से मौसम सुहाना रहता है, लेकिन इस बार दिन में भी ठंडक बनी रही।

शनिवार से कमजोर पड़ेगा बारिश का दौर

विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से बारिश का दौर कमजोर पड़ने और धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है। अगले एक सप्ताह में दिन के अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, रात के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। ऐसे में दिन में मौसम सामान्य होने के बावजूद रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें