- सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चल रही जांच
गोरखपुर। शाहपुर क्षेत्र में भाजपा नेता के भाई की चोरी हुई स्कॉर्पियो के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। शाहपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर चोरी की स्कॉर्पियो, वारदात में इस्तेमाल कार और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई जा सकेगी।
शाहपुर के घोसीपुरवा निवासी भाजपा नेता और पूर्व पार्षद मंतालाल यादव के भाई अभयनंदन की स्कॉर्पियो 11 जुलाई की भोर में घर के बाहर से चोरी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पता चला कि चोर कार से पहुंचे थे। उन्होंने स्कॉर्पियो का लॉक खोला और वाहन को ले गए।
पुलिस ने बताया कि चोर वाहन को भटहट होते हुए कुशीनगर के रास्ते बिहार लेकर गए। पुलिस ने वाहन के रूट और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू की। मामले के खुलासे के लिए शाहपुर पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस समेत पांच टीमें लगाई गई थीं। टीमों ने 200 से अधिक सीसी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन, टोल प्लाजा के रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि रविवार रात तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। उनसे पूछताछ की जा रही है और उनकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।